दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में मालगाड़ी के पटरी से उतरने के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे ने 27 जुलाई को 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और 08185 हटिया-दुर्ग स्पेशल को रद्द करने का फैसला किया है.
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतारा रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के आठ वैगन और ब्रेक वैन पटरी से उतर गए थे. रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन हावड़ा-मुंबई अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई।
ब्रेक वैन एक कोच है जिससे गार्ड ब्रेक लगा सकता है।
उन्होंने बताया कि यह घटना मुंबई-हावड़ा मार्ग पर अकलतारा रेलवे स्टेशन यार्ड में दोपहर करीब तीन बजे हुई, जब खाली मालगाड़ी बिलासपुर से कोरबा जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि पीछे के आठ वैगन और ब्रेक वैन ट्रेन से अलग हो गए और पटरी से उतर गए, जिससे पटरियों और ओएचई (ओवरहेड उपकरण) लाइन के खंभों को नुकसान पहुंचा।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बिलासपुर और कोरबा से रेलवे अधिकारियों की एक टीम को मौके पर भेजा गया और ट्रेनों की आवाजाही बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा, “घटना के पीछे का सही कारण जांच के बाद पता चलेगा।”






