नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर-13’ का भव्य आगाज, सात हजार विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर-13’ का भव्य आगाज, सात हजार विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
27 से अधिक प्रतियोगिताओं में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा, 28 नवंबर तक चलेगा सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और तकनीकी गतिविधियों का महासंगम
नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (एनएसयू), जमशेदपुर के 13वें वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर-13 2026’ का गुरुवार, 26 नवंबर को भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन 26 से 28 नवंबर तक किया जा रहा है। इसमें जमशेदपुर सहित पोटका, पटमदा, घाटशिला, चक्रधरपुर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों एवं कॉलेजों से लगभग सात हजार विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अपना नामांकन करवाया है। इस वर्ष महोत्सव में 27 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें खेल, तकनीक, कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों को विशेष स्थान दिया गया है।
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ फ्लैश मॉब से हुआ, जिसने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय के लगभग 80 स्वयंसेवकों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। समारोह को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा प्रदान करते हुए विद्यार्थियों ने मनमोहक गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। इसके पश्चात विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मुख्य अतिथि मदनमोहन सिंह , विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि के साथ अन्य सभी गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर इस तीन दिवसीय कला महोत्सव में सहभागिता करने के लिए उनका धन्यवाद किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मदनमोहन सिंह ने कहा युवाओं के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियों का भी विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता में जीतना ही सफलता नहीं है, बल्कि पूरे उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी रुचि और प्रतिभा को पहचानकर निरंतर आगे बढ़ें।
विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में समाज और राष्ट्र के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है। एक्सप्लोर जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने, नए विचारों के साथ प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अवसर देते हैं। विद्यार्थियों को असफलता से घबराने के बजाय उससे सीखना चाहिए। आत्मविश्वास, मेहनत, टीम भावना और निरंतर प्रयास ही जीवन में सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
इस वर्ष एक्सप्लोर-13 को विशेष रूप से बहुआयामी स्वरूप दिया गया है। महोत्सव में तकनीकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए एआई प्रॉम्प्थॉन और हैश कोड जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं, गेमिंग और डिजिटल मनोरंजन के शौकीन विद्यार्थियों के लिए बीजीएमआई प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। खेलकूद के अंतर्गत क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल सहित कई इनडोर और आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में रैंप वॉक, एकल एवं समूह नृत्य, गायन, स्किट और फायरलेस कुकिंग जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को अपनी साहित्यिक, कलात्मक और बौद्धिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। इस प्रकार महोत्सव में तकनीक, खेल, मनोरंजन, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
आयोजन में जमशेदपुर और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों की व्यापक भागीदारी इसे अंतर-महाविद्यालयीय एवं अंतर-विद्यालयीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण मंच बना रही है। लगभग सात हजार विद्यार्थियों की संभावित सहभागिता विश्वविद्यालय के इस वार्षिक आयोजन के बढ़ते आकर्षण और लोकप्रियता को दर्शाती है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों से संवाद, अनुभव साझा करने और नई रचनात्मक संभावनाओं को तलाशने का अवसर मिलेगा।
एक्सप्लोर-13 का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई की नियमित दिनचर्या से अलग एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें, प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित कर सकें और आत्मविश्वास के साथ अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर सकें। विश्वविद्यालय परिसर में पहले ही दिन से उत्साह, उमंग और युवा ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। आगामी दो दिनों में होने वाली प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ यह महोत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई