CSIR-NML का 77वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने वैज्ञानिकों को किया प्रोत्साहित
स्वदेशी तकनीक, अनुसंधान और नवाचार से भारत बनेगा वैश्विक शक्ति: राज्यपाल
जमशेदपुर। शहर स्थित CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML) का 77वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक और नवाचार के दम पर ही भारत वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि CSIR-NML ने पिछले सात दशकों से अधिक समय में खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान की मौजूदगी पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सेमीकंडक्टर, रक्षा उपकरण और आधुनिक उद्योगों में विशेष धातुओं एवं उन्नत सामग्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में देश को स्वदेशी तकनीक विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की दिशा में लगातार काम करना होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का मंत्र देश के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को नई खोज एवं नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है। भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में वैज्ञानिक संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल ने युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, नए विचारों के साथ अनुसंधान करें और अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की मेहनत और शोध के माध्यम से ही देश नई तकनीकी ऊंचाइयों को हासिल कर सकता है।
समारोह के अंत में राज्यपाल ने विश्वास जताया कि CSIR-NML आने वाले वर्षों में अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। यहां विकसित होने वाली स्वदेशी तकनीकें न केवल देश की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाएंगी, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।





