उत्कल एसोसिएशन का 93वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार हुए शामिल

उत्कल एसोसिएशन का 93वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार हुए शामिल

ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति से दिखी ओडिशा की समृद्ध संस्कृति की झलक, समाज के विकास में योगदान देने वाली हस्तियां हुईं सम्मानित

जमशेदपुर: उत्कल एसोसिएशन, जमशेदपुर के 93वें स्थापना दिवस समारोह का समापन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह के दौरान ओडिशा की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कलाकारों ने पारंपरिक ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं, उत्कल समाज के विकास, उत्थान और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जमशेदपुर में उत्कल एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से एसोसिएशन द्वारा संचालित विद्यालय के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।

राज्यपाल ने कहा कि समाज को ऐसे युवाओं का निर्माण करना चाहिए, जो अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें। साथ ही आधुनिक ज्ञान, विज्ञान और तकनीक का उपयोग कर देश और समाज का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन एवं समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है। यही समन्वय एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। समारोह में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई