माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र; अप्रैल से अब तक 3,044 युवाओं को मिला रोजगार

माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र; अप्रैल से अब तक 3,044 युवाओं को मिला रोजगार

 

“कौशल से रोजगार और रोजगार से सशक्तिकरण”

राँची, नवम्बर, 2026: झारखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कल प्रोजेक्ट भवन सभागार, राँची में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में राज्य सरकार के कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान इन कार्यक्रमों के माध्यम से 3,044 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया। ये कार्यक्रम अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा अपनी विशेष प्रयोजन वाहिनी (एसपीवी) प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज आपने देखा कि बहुत सारे युवा देश में और देश से बाहर काम कर रहे हैं। वर्तमान की आवश्यकता के अनुसार हम अपने बच्चों के कौशल का विकास करें और उनके हुनर को तराशें, ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर अपना बेहतर भविष्य तय कर सकें। जिस तरह समय का चक्र चल रहा है, यदि आप खुद को नहीं बदलेंगे तो पीछे छूट जाएँगे। यदि आपके हाथ में कौशल और हुनर है, तो आपके परिवार में कोई भूखा नहीं रहेगा। आज मेरी सरकार ने कुछ एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए हैं, ताकि हम नई तकनीकों के साथ कदम मिला सकें और हर युवा को अवसर मिले।”

समारोह में माननीय मंत्री श्री चमरा लिंडा एवं माननीय मंत्री श्री हफीजुल हसन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 300 चयनित युवाओं ने समारोह में भाग लिया। नवम्बर–दिसम्बर 2026 के दौरान लगभग 1,500 और युवाओं को रोजगार से जोड़े जाने की संभावना है। इन कार्यक्रमों का मुख्य फोकस अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के युवा हैं, जिन्हें झारखण्ड, देश के अन्य हिस्सों और विदेशों में रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है।

प्रेझा फाउंडेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री टी. वी. नरेंद्रन ने वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने श्री बी. मुथुरामन का स्थान लिया है, जिन्होंने दस वर्षों तक फाउंडेशन का नेतृत्व किया। श्री नरेंद्रन ने कहा, “युवाओं के जीवन पर पड़ने वाला प्रभाव ही हमारी सबसे बड़ी संतुष्टि है।” उन्होंने आगामी वर्षों में प्रेझा फाउंडेशन की प्रशिक्षण क्षमता को दोगुना करने के लिए राज्य सरकार से निरंतर सहयोग, विशेषकर आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने में सहयोग, का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि दुमका में बी.एससी. नर्सिंग कार्यक्रम तथा यूजीसी संबद्धता प्राप्त कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय पर कार्य प्रगति पर है, और दोनों के लिए शैक्षणिक सत्र 2027-28 का लक्ष्य रखा गया है।

प्रमुख आँकड़े

तालिका 1: अप्रैल–अक्टूबर 2026 (वित्तीय वर्ष 2026–27) में रोजगार से जुड़े युवा

कार्यक्रम

रोजगार से जुड़े युवा

कल्याण गुरुकुल

2,014

नर्सिंग कौशल कॉलेज

746

आईटीआई कौशल कॉलेज

284

कुल

3,044

 

तालिका 2: नेटवर्क एवं पहुँच

सूचक

आँकड़ा

संचालित संस्थान (25 कल्याण गुरुकुल, 8 नर्सिंग कौशल कॉलेज, 01 आईटीआई कौशल कॉलेज)

34

आच्छादित जिले (प्रत्येक जिले में कम से कम एक संस्थान)

सभी 24

अब तक प्रशिक्षित युवा (सभी कार्यक्रम)

लगभग 40,000

कल्याण गुरुकुल के युवाओं का अंतर्राष्ट्रीय नियोजन

1,000 से अधिक

वर्तमान वार्षिक प्रशिक्षण क्षमता

लगभग 10,000 युवा

 

प्रमुख उपलब्धियाँ

नर्सिंग परिणाम: नर्सिंग कौशल कॉलेजों की छात्राओं ने एएनएम परीक्षा में लगातार चार सत्रों में राज्य स्तर पर प्रथम तथा अगले दो सत्रों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।

सेमीकंडक्टर: झारखण्ड की 22 युवतियों का गुजरात के सानंद स्थित सीजी-सेमी के सेमीकंडक्टर प्लांट में चयन हुआ है। सेमीकंडक्टर चिप उद्योग में कार्यरत गिरिडीह की पूनम कुमारी, जो समारोह में उपस्थित थीं, आईटीआई कौशल कॉलेज के 6 अन्य सहपाठियों के साथ उन्नत प्रशिक्षण के लिए मलेशिया जा चुकी हैं।

गिरिडीह निवासी एवं आईटीआई कौशल कॉलेज, राँची की प्रशिक्षु पूनम कुमारी ने कहा, “झारखण्ड सरकार और प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से मुझे सेमीकंडक्टर में विशेष प्रशिक्षण मिला, जिसने मेरे सपनों को पंख दिए। उनके और मेरे माता-पिता के सहयोग से आज मैं सीजी-सेमी में कार्य कर रही हूँ और मुझे उन्नत प्रशिक्षण के लिए मलेशिया जाने का अवसर मिला। लौटने के बाद मुझे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का सौभाग्य भी मिला। मैं उन सभी अवसरों के लिए हृदय से आभारी हूँ, जिनकी बदौलत मेरे सपने साकार हो सके।”

अंतर्राष्ट्रीय रोजगार: कल्याण गुरुकुल के 1,000 से अधिक युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय नियोजन प्राप्त हुआ है। खूंटी के मंगरा चाम्पिया ने अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त किया और अब दुबई में सोभा (Sobha) के साथ कार्य करते हुए 45,000 रुपए प्रतिमाह अर्जित कर रहे हैं।

बोकारो जिले के पुटकामोड़ गाँव के मिथलेश हेम्ब्रम ने कहा, “मेरे लिए यह ऑफर लेटर मेरे और मेरे परिवार के बेहतर भविष्य की शुरुआत है। कल्याण गुरुकुल के प्रशिक्षण से मुझमें तकनीकी कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास आया और रोजगार का रास्ता खुला। मेरे माता-पिता ने मुझे यह अवसर देने के लिए कड़ी मेहनत की है। अब मैं उनका सहारा बनना, एक सफल करियर बनाना और अपने समुदाय के अन्य युवाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए प्रेरित करना चाहता हूँ।”

स्वरोजगार: इरबा में प्रेझा फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं ने उद्योग में कार्यानुभव प्राप्त किया और अब लौटकर एक गारमेंट उद्यम की श्रमिक-स्वामी के रूप में स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित कर रही हैं।

प्रमुख नियोक्ता: सोभा, वोल्टास, एफकॉन्स, शापूरजी पालोनजी, फॉक्सकॉन, मदरसन और ऑटोमोटिव एक्सल कल्याण गुरुकुल के प्रशिक्षुओं के प्रमुख नियोक्ताओं में शामिल हैं। नर्सिंग एवं आईटीआई कौशल कॉलेजों के प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य सेवा, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार मिला है।

प्रेझा फाउंडेशन की सीएसआर पार्टनर इंडीग्रिड आईटीआई कौशल कॉलेजों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को सहयोग प्रदान कर रही है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के कौशल विकास, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इंडीग्रिड के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचआरओ) श्री कुंदन किशोर ने कहा, “इंडीग्रिड में हमारा मानना है कि कौशल विकास का स्थायी प्रभाव तब पड़ता है, जब इससे सार्थक रोजगार मिलता है। प्रेझा फाउंडेशन के साथ अपनी साझेदारी के माध्यम से हम आदिवासी युवतियों को उद्योग के लिए आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान कर रहे हैं। कौशल सीखने से लेकर कमाई करने तक का यह सफर परिवारों को मजबूत बनाता है, समुदायों में बदलाव लाता है और समावेशी विकास को बढ़ावा देता है।”

राज्य सरकार का लक्ष्य प्रशिक्षण संस्थानों के नेटवर्क के विस्तार, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा देश-विदेश में रोजगार के अवसरों से बेहतर जुड़ाव के माध्यम से वार्षिक प्रशिक्षण क्षमता को लगभग 10,000 से बढ़ाकर 20,000 युवाओं तक ले जाना है। पारंपरिक कौशल क्षेत्रों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अन्य उभरती हुई प्रौद्योगिकियों में प्रशिक्षण के अवसर विकसित किए जाएंगे। उद्योगों तथा तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग को मजबूत किया जाएगा और स्वरोजगार एवं उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

क्रियान्वयन सहयोग: अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की विशेष प्रयोजन वाहिनी प्रेझा फाउंडेशन

Leave a Comment