रांची के न्यूक्लियस मॉल की 375 करोड़ रुपये में हुई डील, VA DISCREET PVT LTD ने खरीदा
रांची: राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित प्रसिद्ध न्यूक्लियस मॉल को VA DISCREET PVT LTD ने 375 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। जानकारी के अनुसार, मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम पर इसकी रजिस्ट्री कराई है। कंपनी के निदेशक के रूप में आरती सिंह और विवेक कुमार सिंह के नाम सामने आए हैं।
इस खरीदारी के लिए 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क जमा किया गया है। इस तरह रजिस्ट्री से जुड़े शुल्क के रूप में कुल 26.25 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
गौरतलब है कि करीब 1.59 एकड़ जमीन पर विकसित आठ मंजिला न्यूक्लियस मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं। इसका निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। करीब 3.5 लाख वर्गफीट निर्मित क्षेत्रफल और तीन लाख वर्गफीट ग्रॉस लीजेबल एरिया वाला यह मॉल 12 फरवरी 2017 से व्यावसायिक गतिविधियों के लिए शुरू हुआ था। लगभग एक दशक से न्यूक्लियस मॉल रांची के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्रों में शामिल है।






