मानगो की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था से जनता त्रस्त, नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर उठ रहे सवाल; प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे : आकाश शाह
जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और घंटों लगने वाले भीषण जाम ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। पायल सिनेमा रोड, डिमना रोड, ओल्ड पुलिया रोड, न्यू पुलिया रोड समेत मानगो पुल से मानगो के विभिन्न इलाकों तक जाने वाले लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थिति ऐसी है कि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से दिन के समय दो से चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहना यातायात व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
जनता दल यूनाइटेड, पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मानगो में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। सबसे गंभीर सवाल यह है कि नो-एंट्री लागू रहने के बावजूद भारी वाहनों को शहर में प्रवेश एवं निकास की अनुमति आखिर किस आधार पर दी जा रही है? नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन कर भारी वाहनों का आवागमन यदि जारी है, तो यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आम नागरिक घंटों जाम में फंसे हैं, जबकि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए अपेक्षित मुस्तैदी जमीन पर नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि मानगो जैसे अत्यधिक आबादी और यातायात दबाव वाले क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त सक्रियता, प्रभावी निगरानी एवं सख्त नियंत्रण बेहद आवश्यक है। लेकिन वर्तमान स्थिति में यातायात प्रबंधन नाकाफी साबित हो रहा है। इसका खामियाजा स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले हजारों नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। प्रशासनिक उदासीनता के कारण आम जनता इस अव्यवस्था से जूझ रही है।
आकाश शाह ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि मानगो एवं शहर में अत्यधिक यातायात दबाव को देखते हुए दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश एवं निकास पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाना चाहिए तथा भारी वाहनों के आवागमन के लिए केवल रात्रि का समय निर्धारित किया जाए। दिन के समय पूरी तरह नो-एंट्री व्यवस्था लागू कर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस एवं जिला पुलिस प्रभावी पहल कर सके और आम नागरिकों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से राहत मिल सके।
जनता दल यूनाइटेड जिला प्रशासन से मांग करता है कि उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक इस मामले का तत्काल संज्ञान लें, ट्रैफिक डीएसपी को तलब कर मानगो की बिगड़ती यातायात व्यवस्था के कारणों की समीक्षा करें और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करते हुए अविलंब ठोस कदम उठाएं। नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगे तथा मानगो के प्रमुख जाम वाले मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए।
मानगो की जनता को रोजाना घंटों जाम में फंसे रहने के लिए नहीं छोड़ा जा सकता। प्रशासन को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर दिखने वाला ठोस सुधार सुनिश्चित करना होगा।





