आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पूर्व कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार, एसीबी ने की कार्रवाई
2019 में दर्ज हुआ था मामला, जांच में प्रत्यानुपातिक धनार्जन का आरोप सत्य पाए जाने के बाद 69 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार मंडल को दबोचा
जमशेदपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जमशेदपुर ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर (चाईबासा) के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार मंडल (69 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने उन्हें 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ वर्ष 2019 में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान प्रत्यानुपातिक धनार्जन (Disproportionate Assets-D.A.) का आरोप सत्य पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार मंडल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर थाना कांड संख्या 07/2019 के तहत 12 जुलाई 2019 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस समय वे जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर, चाईबासा में कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित थे। उन पर अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था।
इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के प्रावधानों के अनुरूप धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत भी मामले को दर्ज किया गया।
एसीबी की जांच में तत्कालीन कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में अधिक संपत्ति अर्जित करने यानी प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला सत्य पाया गया। इसके बाद ब्यूरो ने 18 नवंबर को कार्रवाई करते हुए 69 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के उपरांत एसीबी की ओर से उनके खिलाफ विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को सरकारी पद पर रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






