लोहनगरी में दीपोत्सव की धूम, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने परिवार के साथ की मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना
विधायक पूर्णिमा दास साहू के आवास पर विधि-विधान से हुई पूजा, परिवार के साथ फुलझड़ी और अनार जलाकर मनाई दीपावली; पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंडवासियों को दी शुभकामनाएं
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से माहौल भक्तिमय एवं उत्सवी बना हुआ है। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अपने आवास पर पूरे विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर परिवार के सभी सदस्य पूजा में शामिल हुए और मां लक्ष्मी से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद पूरे परिवार ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और फुलझड़ी तथा अनार जलाकर दीपोत्सव का आनंद लिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समस्त झारखंडवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि मां महालक्ष्मी की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश भी देता है।






