पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे लगाएगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र शिविर
कोलकाता : रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में सुविधा देने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे 1 से 30 नवंबर तक विशेष शिविर आयोजित करेगा। राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत यह व्यवस्था रेलवे मुख्यालय सहित विभिन्न मंडलों और कार्यशालाओं में की गई है।
गार्डनरीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय में सभी कार्यदिवसों पर शिविर लगाया जाएगा। जिन पेंशनभोगियों को ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में परेशानी हो रही है, वे शिविर में पहुंचकर सहायता ले सकेंगे। इसके लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, पैन कार्ड और मूल पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) साथ लाना अनिवार्य होगा।
रेलवे की ओर से आद्रा, चक्रधरपुर और रांची मंडलों के अलावा खड़गपुर मंडल के झाड़ग्राम, बालेश्वर, खड़गपुर, तमलुक और संतरागाछी में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। सिनी इंजीनियरिंग वर्कशॉप और खड़गपुर वर्कशॉप में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अभियान के दौरान पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक भी किए जाएंगे। साथ ही शिविरों में स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था रहेगी। रेलवे का उद्देश्य पेंशनभोगियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।






