चंद्रशेखर मिश्रा जी का निधन ब्राह्मण समाज के लिए अपूरणीय क्षति : अप्पू तिवारी
शपथ ग्रहण के दिन उनका जन्मदिन मनाया था संघ उनके आदर्शों पर चलने का लेगी संकल्प
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ पुरोधा आदरणीय श्री चंद्रशेखर मिश्रा जी के आकस्मिक निधन पर ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के संयोजक अप्पू तिवारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जी का निधन केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सामाजिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जी का ब्राह्मण समाज के प्रति समर्पण, निष्ठा और स्नेह अतुलनीय था। सामाजिक जीवन में उनका व्यक्तित्व सदैव निष्पक्ष, सरल, सौम्य और सर्वस्वीकार्य रहा। उन्होंने अपने व्यवहार और विचारों से समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच सम्मान और आत्मीयता का स्थान बनाया था। उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनके प्रति लोगों के मन में सम्मान था और उनकी सामाजिक स्वीकार्यता उनके व्यक्तित्व की गरिमा को दर्शाती थी।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर मिश्रा जी जैसे अनुभवी और दूरदर्शी अभिभावक का चले जाना समाज के लिए ऐसी रिक्तता पैदा कर गया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। उनका मार्गदर्शन, स्नेह और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
अप्पू तिवारी ने भावुक शब्दों में कहा कि “चंद्रशेखर मिश्रा जी का निधन समाज के लिए एक युग के अवसान के समान है। उनके जाने से हमने एक ऐसे अभिभावक को खो दिया है, जिनका स्नेह और मार्गदर्शन समाज को हमेशा संबल प्रदान करता था।”
कल उनकी अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे उनके भालूबासा आवास से भुईयाडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट जाएगी ।
अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार और उनके चाहने वालों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।






