जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर सोमवार को समाहरणालय में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, दर्शकों की एंट्री और स्टेडियम के आसपास भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मैच देखने आने वाले दर्शकों को निर्धारित गेट से ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कतार की व्यवस्था रहेगी। मैच के दिन दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसका उद्देश्य प्रवेश के समय भीड़ और अव्यवस्था को रोकना है।
स्टेडियम के बाहर भी रहेगी कड़ी निगरानी
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को स्टेडियम परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया।
डीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के रांची पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, ट्रैफिक और दर्शकों की सुविधा से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जानी जरूरी हैं।






