डुमरिया:-पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पलासबनी पंचायत के ग्राम पलासबनी, टोला नुदायडीह निवासी स्वर्गीय विजय हांसदा की उत्तराखंड के चमोली स्थित विष्णुगढ़ क्षेत्र के पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में कार्य करने के दौरान टनल हादसे में मौत हो गई थी।
बताया गया कि 13 अगस्त 2026 को कार्य के दौरान हुए टनल हादसे में विजय हांसदा की जान चली गई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। एक परिवार ने अपना सदस्य और अपना सहारा खो दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधानसभा क्षेत्र की समाजसेविका सह महिला नेत्री दुखनी सोरेन शोकाकुल परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनके दुःख को साझा किया और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।
दुखनी सोरेन ने कहा कि पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। दुःख की इस घड़ी में हम उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। परिवार को हर संभव सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विजय हांसदा के निधन से परिवार पर जो दुःखों का पहाड़ टूटा है, उसकी भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा रहना और उन्हें हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास करना हमारी जिम्मेदारी है।
परिजनों से मुलाकात के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। ग्रामीणों ने भी विजय हांसदा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
दुःख की घड़ी में परिवार के साथ—दुखनी सोरेन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा।






