झारखंड में नक्सलियों का अंतिम अध्याय भी लगभग खत्म होने चला है

 सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान में 15 लाख का इनामी मदन महतो, 5 लाख का रवि सरदार और 2 लाख की इनामी मीना, जो मदन महतो की पत्नी है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने गिरफ्तारी की पुस्टि की है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास से तीन एक-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं.

मिसिर के बाद एक और बड़ी सफलता

झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है. सरायकेला-खरसावां जिले में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर माओवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार माओवादियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार तथा मदन महतो की पत्नी और 2 लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी मीना शामिल हैं.

तीनों एक करोड़ इनामी के दस्ते का थे हिस्सा

जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सक्रिय सदस्य सरायकेला-खरसावां क्षेत्र में मौजूद हैं. सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने तीनों माओवादियों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया.

naxalite-madan-mahato-carrying-reward-15-lakh-and-wife-arrested

नक्सलियों के पास से बरामद हथियार (Etv Bharat)

गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तार मदन महतो लंबे समय से माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य रहा है. तीनों पर नक्सली हिंसा, सुरक्षा बलों पर हमले, लेवी वसूली और अन्य गंभीर मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं. तीनों गिरफ्तार एक करोड़ के इनामी असीम मंडल के दस्ते में रहते थे.

15 लाख का इनामी मदन महतो उर्फ शंकर उर्फ चारण

मदन महतो उर्फ शंकर (चारण) प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) का एक कुख्यात और सक्रिय सदस्य था. वह पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबनी थाना क्षेत्र के कर्मासोल (चारण) गांव का रहने वाला है. झारखंड पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. मदन महतो लंबे समय से झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे जंगलमहल, बेलपहाड़ी, दलमा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय रहा है.

संगठन के भीतर वह हथियारबंद दस्तों के संचालन, सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलों की योजना बनाने, नए कैडरों की भर्ती और माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, उसका सबसे ज्यादा संबंध एक करोड़ के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश के प्रभाव वाले नेटवर्क से रहा है.

दो लाख की इनामी पत्नी मीना

मदन महतो की पत्नी मीना (मिना) भी प्रतिबंधित माओवादी संगठन की सक्रिय सदस्य रही है. झारखंड पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. मीना झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जंगल क्षेत्रों में सक्रिय रही है. संगठन में वह संदेश पहुंचाने (कुरियर), लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था करने, दस्तों की गतिविधियों में सहयोग देने और सुरक्षा बलों के खिलाफ साजिशों में शामिल रहने के आरोपों के कारण वांछित रही है. वह भी असीम मंडल उर्फ आकाश के प्रभाव वाले माओवादी नेटवर्क से जुड़ी रही है.

पांच लाख का इनामी रवि सरदार

रवि सरदार प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) का रीजनल कमेटी सदस्य और कमांडर है. झारखंड पुलिस ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. रवि सरदार मुख्य रूप से दलमा, कोल्हान, सारंडा तथा झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के जंगलों में सक्रिय रहा है. एजेंसियों के अनुसार, वह शीर्ष माओवादी नेताओं मिसिर बेसरा और असीम मंडल उर्फ आकाश के साथ मिलकर सुरक्षा बलों पर हमलों की योजना बनाने, आईईडी बिछाने, नए कैडरों की भर्ती करने और संगठन के विस्तार की गतिविधियों में शामिल रहा है. वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए वांछित रहा है.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई