जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-8 में मंगलवार देर रात 18 वर्षीय रोहित रविदास ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित मंगलवार रात किसी बात को लेकर विवाद के बाद घर लौटा था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और मानसिक तनाव में दिखाई दे रहा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रोहित ने करीब नौ महीने पहले चक्रधरपुर निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




