JPSC-JSSC में कथित धांधली के खिलाफ JLKM का आंदोलन तेज, जमशेदपुर DC कार्यालय पर धरना, CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग

JPSC-JSSC में कथित धांधली के खिलाफ JLKM का आंदोलन तेज, जमशेदपुर DC कार्यालय पर धरना, CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग
जमशेदपुर: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) एवं छात्र संगठनों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में उपायुक्त (DC) कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जमशेदपुर के DC कार्यालय के बाहर भी JLKM कार्यकर्ताओं और अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए JLKM के जिला अध्यक्ष तपन महतो ने कहा कि JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख मांगों में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI और ED से स्वतंत्र जांच, 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) सहित सभी संदिग्ध परीक्षाओं को तत्काल रद्द करने, तथा राज्य में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग उठाई।
इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार, भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा OMR शीट से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की भी मांग की।
धरना में शामिल छात्र नेताओं और JLKM कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और अधिक उग्र किया जाएगा। वहीं, आंदोलन के दौरान JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में चल रही देवेंद्रनाथ महतो की भूख हड़ताल का भी समर्थन किया गया और सरकार से अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई