सावन के पहले सोमवार पर निकली भव्य जलाभिषेक यात्रा, सैकड़ो श्रद्धालु हुए शामिल
जमशेदपुर। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर श्री हनुमान मंदिर, साकची शहीद चौक के तत्वावधान में सोमवार को भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से भरी इस यात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माताओं, बहनों और भक्तजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे साकची शहीद चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर से हुई। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे श्रद्धालुओं का जत्था मानगो स्वर्णरेखा घाट पहुंचा। यहां श्रद्धालुओं ने स्नान कर पवित्र जल भरा। इसके बाद सुबह 10 बजे विधिवत रूप से जलाभिषेक यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा मानगो स्वर्णरेखा घाट से निकलकर एमजीएम गोलचक्कर, शीतला मंदिर, टैंक रोड और बड़ा गोलचक्कर होते हुए साकची शहीद चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु धार्मिक जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। दोपहर करीब 12 बजे मंदिर परिसर में भगवान शिव के शिवलिंग का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। इसके बाद पूजा-अर्चना और आरती हुई। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजकों ने कहा कि जलाभिषेक यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और भक्तों के प्रति आभार जताया। यात्रा को सफल बनाने में श्री श्री हनुमान मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष राकेश साहू, अजीत शर्मा, मुकेश सिंह, करण सिंह, प्रमोद सिन्हा, प्रमोद सिंह, दिलीप शाह, धीरज सिंह, रवि रंजन, गुड्डी वर्मा, रेणु गुप्ता, डॉ. कमलेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






