जमशेदपुर: शहर के आतिथ्य और खानपान क्षेत्र में एक नई शुरुआत होने जा रही है। बिष्टुपुर स्थित रामाडा होटल ने अपने अत्याधुनिक रूफटॉप फाइन डाइनिंग रेस्तरां ‘उमामी रूफटॉप’ के शुभारंभ की घोषणा की है। होटल की सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित यह रेस्तरां 2 अगस्त 2026 से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां शहरवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले मेहमानों को विश्वस्तरीय व्यंजन, उत्कृष्ट आतिथ्य और आकर्षक रूफटॉप माहौल का अनुभव मिलेगा।
होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में महाप्रबंधक मनीष दत्त और शेफ युगांक चोपड़ा ने संयुक्त रूप से इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘उमामी रूफटॉप’ को आधुनिक फाइन डाइनिंग की अवधारणा के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां से पूरे जमशेदपुर का मनोरम दृश्य दिखाई देता है, जो मेहमानों के भोजन के अनुभव को और भी खास बनाएगा।
उन्होंने बताया कि खुले आसमान के नीचे आधुनिक इंटीरियर, शांत वातावरण और उत्कृष्ट सेवा के साथ मेहमान भारतीय, एशियाई और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा विशेष रूप से तैयार किए गए मॉकटेल और अन्य पेय पदार्थ, प्रशिक्षित स्टाफ की पेशेवर सेवा तथा आकर्षक प्रस्तुति इस रेस्तरां की प्रमुख विशेषताएं होंगी।
महाप्रबंधक मनीष दत्त ने कहा कि ‘उमामी रूफटॉप’ केवल एक रेस्तरां नहीं, बल्कि स्वाद, गुणवत्ता और आतिथ्य का ऐसा संगम है, जहां हर अतिथि को विश्वस्तरीय अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जमशेदपुर में रूफटॉप फाइन डाइनिंग का नया मानक स्थापित करना है। यहां परोसी जाने वाली प्रत्येक डिश स्वाद, गुणवत्ता और प्रस्तुति के लिहाज से विशेष होगी।
शेफ युगांक चोपड़ा ने बताया कि रेस्तरां का मेन्यू इस प्रकार तैयार किया गया है कि हर आयु वर्ग और अलग-अलग स्वाद पसंद करने वाले ग्राहकों को बेहतरीन विकल्प मिल सकें। भारतीय व्यंजनों के साथ एशियाई और अंतरराष्ट्रीय फ्लेवर का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
होटल प्रबंधन के अनुसार ‘उमामी रूफटॉप’ को पारिवारिक रात्रिभोज, रोमांटिक डिनर, जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, कॉर्पोरेट मीटिंग, सामाजिक समारोह और अन्य विशेष आयोजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसकी समकालीन सजावट, शहर का विहंगम दृश्य और शांत वातावरण इसे जमशेदपुर के प्रमुख रूफटॉप डाइनिंग स्थलों में शामिल करने की क्षमता रखते हैं।
प्रबंधन ने शहरवासियों से 2 अगस्त से ‘उमामी रूफटॉप’ पहुंचकर इस नए फाइन डाइनिंग अनुभव का हिस्सा बनने की अपील की। उनका मानना है कि यह नया रेस्तरां न केवल स्वाद के शौकीनों को आकर्षित करेगा, बल्कि जमशेदपुर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पत्रकार सम्मेलन में डायरेक्टर फूड एंड बेवरेज अनूप बेरा, एग्जीक्यूटिव शेफ मोहम्मद इलियास, सीनियर शेफ विदेश पंजा, प्रबंधक सुशील कुमार सिंह तथा एग्जीक्यूटिव हाउसकीपिंग मैनेजर शिव कुमार भी उपस्थित रहे।





