चांडिल: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चानो गांव के समीप शनिवार को रेल दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना तिरुलडीह और बकारकुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे पोल संख्या 318/15 एवं 319/15 के बीच की बताई जा रही है।मृतक की पहचान चानो गांव निवासी लगभग 50 वर्षीय मंगल सिंह मुंडा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत अवस्था में मिले शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने प्रारंभिक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के अनुसार मंगल सिंह मुंडा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मौत के कारणों को लेकर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





