जनहित से कोई समझौता नहीं होगा= अनिल मोदी
जमशेदपुर, 22 जुलाई। जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पाँच दिनों से ठप पड़े डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य के आज पुनः शुरू होने पर वार्ड पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पार्षदों द्वारा लगातार बनाए गए दबाव तथा विशेष पदाधिकारी द्वारा कचरा संग्रहण एजेंसी के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद आज से पूरे जुगसलाई क्षेत्र में कचरा उठाव का कार्य पुनः प्रारंभ हो गया है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
श्री मोदी ने कहा कि नगर परिषद को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि यदि संबंधित एजेंसी भविष्य में भी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतती है, तो उसे तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। एजेंसी संचालक कितने ही प्रभावशाली या रसूख वाले क्यों न हों, जनहित के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अनिल मोदी ने एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाए और नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करे। यदि भविष्य में फिर से लापरवाही सामने आती है, तो एजेंसी अपना बोरिया-बिस्तर समेटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्षद हमेशा तत्पर रहेंगे और जनसमस्याओं के समाधान हेतु संघर्ष जारी रहेगा।






