सोनारी में सूदखोरी शांति समिति के सदस्य द्वारा सोनारी थाना प्रभारी के संरक्षण में एवं पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू दरोगा द्वारा मारपीट और ठेला बंद कराने का आरोप; एसपी से न्याय की गुहार*

*जमशेदपुर, 22 जुलाई।* सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी एवं “एम.बी.ए. गोलगप्पावाला” के संचालक बजरंग प्रसाद ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर सूदखोरी, मारपीट, धमकी एवं मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा उन्हें पुनः निर्भय होकर अपना व्यवसाय संचालित करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कथित रूप से मनीष सिंह से ₹1.70 लाख उधार लिया था। आरोप है कि इस राशि पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया तथा सुरक्षा के नाम पर उनसे दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी लिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने मूल राशि से अधिक, लगभग ₹2 लाख का भुगतान नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से कर दिया है, जिसके साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं।

बजरंग प्रसाद ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त राशि की मांग की जाती रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 11 फरवरी 2026 को सोनारी थाना में उन्हें दबाव बनाकर एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिसमें चार माह में ₹2 लाख लौटाने की बात लिखवाई गई।

शिकायत में आगे कहा गया है कि 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे मनीष सिंह, प्रकाश ठाकुर तथा बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू उनके गोलगप्पा ठेले पर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट तथा अतिरिक्त ब्याज की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई, उनके पिता के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें ठेला बंद करने और दोबारा दुकान लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

शिकायत में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे एवं पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पर भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को बार-बार थाना बुलाकर दबाव बनाया। बजरंग प्रसाद ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित सूदखोरी एवं धमकी की घटनाओं पर कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें पूर्ववत अपने गोलगप्पा ठेले का संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई