एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग से दहला चतरा, प्राइवेट गार्ड की गोली लगने से मौत

CHATRA
JHARKHAND

आपसी विवाद में चली गोली बनी जानलेवा, एक गार्ड गिरफ्तार; शुरुआती संदेह में हिरासत में लिए गए जिला बल के जवान को जांच के बाद मिली राहत

रमिया कंस्ट्रक्शन से जुड़ी एंडेवर कार जब्त, फॉरेंसिक जांच शुरू; पुलिस हर पहलू से कर रही मामले की पड़ताल

चतरा शहर स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। व्यस्त इलाके में हुई फायरिंग में एक प्राइवेट गार्ड की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक सूचना के आधार पर पहले जिला बल के एक जवान पर गोली चलाने का संदेह जताया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर मामला पूरी तरह अलग निकला। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि दो प्राइवेट गार्डों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी, जिसमें एक गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी प्राइवेट गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों गार्ड चतरा में बाईपास निर्माण कार्य करा रही रमिया कंस्ट्रक्शन से जुड़े बताए जा रहे हैं। मृतक और आरोपी दोनों निर्माण कंपनी की सुरक्षा में तैनात थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किसी आपसी रंजिश अथवा विवाद के बाद आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की। पहली गोली कार की छत में जा लगी, जबकि दूसरी गोली सीधे मृतक की आंख में लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना स्थल के समीप खड़ी फोर्ड एंडेवर वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक एवं गया निवासी रॉकी यादव का है। पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी के दौरान अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। हालांकि, बरामद हथियारों की संख्या और उनके संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस, सिमरिया एसडीपीओ, टंडवा एसडीपीओ सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सभी तथ्यों का आधिकारिक खुलासा विस्तृत जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
इधर, घटना के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें।

पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े एसपी आवास जैसे अति-सुरक्षित क्षेत्र के समीप हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस शीघ्र ही विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा करने की तैयारी में है।

Leave a Comment