जमशेदपुर। फोर लेन सिग्नेचर ब्रिज परियोजना का सोमवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भुईयांडीह अंतर्गत बाबूडीह, लाल भट्टा के बारा घाट (स्वर्णरेखा नदी तट) पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं एवं अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने परियोजना के प्रत्येक चरण की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी कार्यों को तय समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह परियोजना जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली है। इसके पूर्ण होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, लोगों को जाम से राहत मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रत्येक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरा होना चाहिए।
इस दौरान विभागीय अभियंताओं ने विधायक को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि परियोजना का कार्य निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग और निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयास से यह महत्वाकांक्षी परियोजना तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण होगी और जमशेदपुर की जनता को इसका व्यापक लाभ मिलेगा।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, कौस्तव रॉय, हरेराम सिंह, अनिकेत रॉय समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भवदीय,
प्रेम झा






