शहीद मंगल पांडे के जन्मदिवस पर श्री परशुराम शक्ति सेना ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेने का आह्वान

जमशेदपुर: प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, मां भारती के वीर सपूत और अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती के अवसर पर श्री परशुराम शक्ति सेना की ओर से रविवार को टाटा पिगमेंट गेट के समीप स्थित शहीद मंगल पांडे चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सेना के केंद्रीय अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद मंगल पांडे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और उनके बलिदान को नमन करते हुए की गई। उपस्थित लोगों ने उनके अद्वितीय साहस, देशभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि शहीद मंगल पांडे केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फूंककर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ पूरे देश में आजादी की अलख जगाई। उनके साहस और बलिदान ने लाखों भारतीयों को गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को शहीद मंगल पांडे के राष्ट्रप्रेम, साहस, त्याग और देशहित में किए गए कार्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे।
अभिषेक पांडे ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद मंगल पांडे द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका नाम भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सहित पूरा देश उनके बलिदान पर सदैव गौरवान्वित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों तक उनके आदर्शों को पहुंचाने का कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री परशुराम शक्ति सेना के केंद्रीय उपाध्यक्ष दीपक पांडे ने कहा कि शहीद मंगल पांडे का बलिदान भारत के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनके त्याग और वीरता ने देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना का संचार किया था। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार का दायित्व है कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को संरक्षित रखा जाए।
उन्होंने स्थानीय विधायक एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांग करते हुए कहा कि शहीद मंगल पांडे चौक स्थित प्रतिमा के आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए, ताकि यह स्थल और अधिक आकर्षक एवं प्रेरणादायक बन सके। साथ ही यहां नियमित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और हरियाली विकसित की जाए, जिससे लोग यहां आकर देश के इस महान वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि शहीद मंगल पांडे के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के लिए लगातार सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अभिषेक पांडे, सौरभ पाठक, दीपक पांडे, राजा ओझा, लव कुश उपाध्याय, दीपक झा, कार्तिक झा, आदित्य भारद्वाज, आर.पी. पांडे सहित श्री परशुराम शक्ति सेना के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और शहीद मंगल पांडे अमर रहें के नारों के साथ हुआ।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई