धनबाद: पुटकी थाना क्षेत्र के पुटकी स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में करंट लगने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में घर की मालकिन और उनके यहां काम करने वाली महिला शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह दर्दनाक हादसा पुटकी थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में हुआ. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शोभा सिन्हा और 40 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि शोभा सिन्हा अपने घर की सफाई करवा रही थी. इसी दौरान दोनों किसी तरह बिजली के संपर्क में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुटकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि करंट कैसे लगा. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है. दोनों का शव घर के बाथरूम से बरामद हुआ है
मृतका शोभा सिन्हा के परिजनों ने बताया कि परिवार पहले ही कोरोना काल में एक सदस्य को खो चुका है और अब यह दूसरी बड़ी त्रासदी है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पूरे मामले को लेकर कॉलोनी में मातम पसरा है.





