डीडी बार हत्याकांड में SIT को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी राहुल दुबे गिरफ्तार
निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद, पहले भी हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में जा चुका है जेल
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी (DD) बार के समीप 27 जून 2026 की रात हुए चर्चित जानलेवा हमले और हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने मामले के मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के बाहर धारदार हथियार से हुए हमले के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य सबूतों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के दौरान इस कांड में नामजद और अन्य कुल 13 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार राहुल दुबे (30 वर्ष), पिता शर्मानंद दुबे, निवासी ब्लॉक नंबर-4, शास्त्रीनगर, कदमा, का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2025 में कदमा थाना के एक गंभीर आपराधिक मामले तथा वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चापड़ बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।






