जमशेदपुर में तेज रफ्तार ट्रक बैंक में घुसा, बड़ा हादसा टला, चालक गंभीर घायल
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित कोटक बैंक की शाखा में जा घुसा। हादसे में बैंक भवन को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सीधे बैंक के मुख्य हिस्से में जा घुसा। उस समय बैंक परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
राहत की बात यह रही कि बैंक के एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गए। यदि उस समय बैंक के प्रवेश द्वार या एटीएम के बाहर अधिक लोग मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन की सहायता से हटाने का कार्य शुरू किया गया, जिससे यातायात को सामान्य किया जा सके।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ। बैंक को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।






