जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 438/2026
03 जुलाई 2026
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गुड़ाबांदा प्रखंड में मतदाताओं से किया संवाद
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के सफल संचालन एवं मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने गुड़ाबांदा प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर मतदाताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी तथा सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित अवधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को उपलब्ध कराने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के लोगों को भी गणना प्रपत्र भरने एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें।

संवाद के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि गणना प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित बीएलओ, स्वयंसेवक अथवा प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने भी मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी तथा गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जागरूक किया। जिला प्रशासन का सभी मतदाताओं से अपील है कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करते हुए समय पर गणना प्रपत्र भरें एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
#Team PRD (East Singhbhum)





