नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में इसी सत्र से शुरू हो रही है BA-LLB की पढ़ाई; 60 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू
शिक्षा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रही जमशेदपुर की प्रतिष्ठित संस्था, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने इस शैक्षणिक सत्र से BA LLB की पढ़ाई शुरू करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इसी वर्ष से संस्थान में 5 वर्षीय एकीकृत बीए-एलएलबी (BA-LLB) कोर्स की शुरुआत की जा रही है। इस नए और महत्वाकांक्षी पाठ्यक्रम के लिए कुल 60 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले झारखंड और आसपास के राज्यों के विद्यार्थियों के लिए अब जमशेदपुर में ही वैश्विक स्तर की कानूनी शिक्षा प्राप्त करने का यह एक सुनहरा अवसर है।
विश्वविद्यालय के विधि विभाग का इतिहास बेहद शानदार रहा है। यूनिवर्सिटी में एल.एल.बी और बी.बी.ए-एल.एल.बी की पढ़ाई साल 2019 से ही सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। इसके बाद, विभाग की उत्कृष्टता को देखते हुए साल 2022 में परास्नातक पाठ्यक्रम यानी एल.एल.एम् की पढ़ाई के लिए भी आधिकारिक संबद्धता मिल गई थी। अब एल.एल.बी, बी.बी.ए-एल.एल.बी और एल.एल.एम् की अपार सफलता के बाद, यूनिवर्सिटी इसी सत्र से बीए-एलएलबी कोर्स की शुरुआत कर छात्रों को कानूनी शिक्षा का संपूर्ण पैकेज प्रदान कर रही है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह ने इस नए पाठ्यक्रम की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा: “कानून की पढ़ाई शुरू करना हमारे विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। हमारा उद्देश्य हमेशा से रहा है कि हम विद्यार्थियों के करियर को एक नई उड़ान दें। इस नए कोर्स के माध्यम से हम देश को ऐसे कुशल, संवेदनशील और योग्य कानूनी विशेषज्ञ प्रदान करेंगे जो समाज और न्याय प्रणाली को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे सकें। यूनिवर्सिटी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।”
यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने पाठ्यक्रम की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा:”बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम के लिए हमारे पास देश के सर्वश्रेष्ठ और अनुभवी फैकल्टी मेंबर्स की टीम है, जो छात्रों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक समझ भी प्रदान करेगी। यूनिवर्सिटी के हर एक फैकल्टी निरंतर इस दिशा में प्रयासरत हैं कि प्रत्येक विद्यार्थी को करियर के सर्वश्रेष्ठ अवसर प्राप्त हों। हमारा लक्ष्य न केवल छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा देना है, बल्कि उनके भविष्य को एक नई ऊँचाई और स्वर्णिम चमक प्रदान करना है।”
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बीए-एलएलबी कोर्स के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है, जिसमें मूट कोर्ट और एक समृद्ध लाइब्रेरी भी शामिल है, ताकि छात्रों को कोर्ट रूम का व्यावहारिक अनुभव मिल सके। सीमित सीटों को देखते हुए इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या पोखारी स्थित कैंपस में आकर अपनी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के साथ अपने करियर को एक नई उड़ान दे सकते हैं।






