डीडी बार हत्याकांड: बार संचालक नीरज सिंह के घर पुलिस की छापेमारी, दो लग्जरी गाड़ियां जब्त
एडीजी के निर्देश पर डीएसपी दयानंद शाह के नेतृत्व में कार्रवाई, संचालक घर से फरार मिला
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच के क्रम में गुरुवार को पुलिस ने बार संचालक नीरज सिंह के आवास पर भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नीरज सिंह घर पर नहीं मिले और पुलिस को वे फरार मिले।
जानकारी के अनुसार, एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर डीएसपी दयानंद शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नीरज सिंह के आवास सहित अन्य संबंधित स्थानों पर गहन जांच-पड़ताल की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जांच के लिए नीरज सिंह की दो लग्जरी गाड़ियां—एक लैंड रोवर डिफेंडर और एक किआ कार—जब्त कर बिष्टुपुर थाना ले आई।

पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और हत्याकांड से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार नीरज सिंह की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।





