जमशेदपुर : डीडी बार हत्याकांड की जांच को पहुंचे एडीजी मनोज कौशिक, बोले— एक भी दोषी नहीं बचेगा, पुलिसकर्मियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई

जमशेदपुर : डीडी बार हत्याकांड की जांच को पहुंचे एडीजी मनोज कौशिक, बोले— एक भी दोषी नहीं बचेगा, पुलिसकर्मियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष पर हुए जानलेवा हमले के मामले की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड पुलिस के मनोज कौशिक सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने मामले की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और जांच की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक के बाद एडीजी स्वयं बिष्टुपुर स्थित डीडी बार पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए यह समझने का प्रयास किया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, अपराधियों ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया और उस समय पुलिस की भूमिका क्या रही।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। उनके साथ पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पियूष पांडेय भी मौजूद रहे। एडीजी ने जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत में एडीजी मनोज कौशिक ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे अपराधी हों या पुलिसकर्मी, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक कई आरोपियों और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो फरार आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
एडीजी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Comment