भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही का जमशेदपुर में पुलिस व्यवस्था पर हमला, बोले— अपराधियों के साथ पुलिस भी दोषी
जमशेदपुर: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिष्टुपुर में हुई हिमांशु हत्याकांड की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
भानु प्रताप शाही ने कहा कि जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमांशु और प्रत्युश पर हमला उस समय हुआ जब पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। उनके अनुसार, पुलिस वैन से खींचकर हिमांशु पर हमला किया गया, इसलिए इस मामले में अपराधियों के साथ-साथ मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी समान रूप से दोषी हैं।
उन्होंने मांग की कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी मामला दर्ज कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। शाही ने कहा कि यदि उनकी लापरवाही से एक युवक की जान गई है, तो उन्हें भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

भानु प्रताप शाही ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे शहरवासी भय के साये में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय वाहन जांच अभियान में अधिक व्यस्त रहती है।
उन्होंने दावा किया कि शहर में 500 से अधिक पुलिसकर्मी केवल वाहन चेकिंग में लगाए जाते हैं, जबकि अपराध नियंत्रण पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार, ट्रैफिक व्यवस्था के नाम पर आम जनता का दोहन किया जा रहा है, जबकि अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।






