बाराद्वारी में मरम्मत के दौरान मकान का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

बाराद्वारी में मरम्मत के दौरान मकान का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला
जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराद्वारी कुम्हारपाड़ा में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां नरेश अग्रवाल के मकान में पुराने हिस्से की मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान अचानक भवन का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
मकान मालिक नरेश अग्रवाल ने बताया कि पुराने निर्माण को हटाकर मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार और छत का हिस्सा एक साथ गिर पड़ा। मलबा सड़क किनारे खड़ी एक कार पर भी गिरा, जिससे कार को हल्का नुकसान पहुंचा।

बाद में वाहन को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया।
भवन गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के समय निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और अन्य लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटकर अपनी जान बचा ली।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि भवन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Comment