झारखंड के दो बड़े गैंगस्टरों में बढ़ी दरार, राहुल सिंह ने प्रिंस खान को सोशल मीडिया पर दी खुली धमकी

झारखंड के दो बड़े गैंगस्टरों में बढ़ी दरार, राहुल सिंह ने प्रिंस खान को सोशल मीडिया पर दी खुली धमकी

रांची : झारखंड के दो कुख्यात गैंगस्टरों के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। विदेश में रहकर झारखंड के कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले दो अपराधी गिरोहों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा अब गैंगवार की आशंका पैदा कर रही है। सोशल मीडिया पर अपराधी राहुल सिंह ने प्रिंस खान को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है।

राहुल सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “प्रिंस खान तैयार रहो, मेरा देश, मेरा काम और मेरे लोगों से उलझने का नतीजा जल्द मिलेगा। तुम दुनिया के जिस कोने में रहोगे, वहीं मारेंगे। दूसरों के परिवार की चिंता करने से पहले अपनी फैमिली को सुरक्षित कर लो। जल्द ही तुम्हारा हिसाब होगा।”

धमकी भरे पोस्ट में राहुल सिंह ने धनबाद का भी जिक्र करते हुए लिखा कि, “प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुंच जाएंगे।”

इस पोस्ट के सामने आने के बाद झारखंड के अपराध जगत में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि दोनों गैंगों के बीच तनाव और बढ़ सकता है। हालांकि, इस धमकी पर अब तक पुलिस या संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई