दिल्ली-रांची इंडिगो फ्लाइट का AC फेल, 168 यात्री दो घंटे तक गर्मी में रहे परेशान

दिल्ली-रांची इंडिगो फ्लाइट का AC फेल, 168 यात्री दो घंटे तक गर्मी में रहे परेशान

तकनीकी खराबी के कारण उड़ान टली, यात्रियों ने एयरलाइन पर लापरवाही का लगाया आरोप

रांची/नई दिल्ली : दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E-2614) शुक्रवार को उड़ान भरने से पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम अचानक बंद हो गया, जिससे विमान में सवार 168 यात्रियों को करीब दो घंटे तक भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। बंद केबिन में बढ़ती गर्मी के कारण यात्रियों में नाराजगी फैल गई और कई लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।

यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने उन्हें लंबे समय तक बिना AC के विमान के अंदर बैठाए रखा। शिकायत करने पर केबिन क्रू बार-बार सिर्फ “पांच मिनट और इंतजार करें” कहता रहा, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बंद केबिन में गर्मी इतनी बढ़ गई कि बुजुर्ग, बच्चे और अन्य यात्री परेशान हो गए तथा कई लोगों को घुटन महसूस होने लगी।

स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों ने विरोध जताया, जिसके बाद एयरलाइन कर्मचारियों ने विमान का दरवाजा खोला और सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल भेज दिया।

सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो ने तकनीकी खराबी की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान के AC सिस्टम में समस्या आने के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान रद्द कर दी गई। एयरलाइन ने यात्रियों को शाम 6 बजे दूसरे विमान से रांची भेजने की व्यवस्था की।

इस घटना के बाद यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था और संकट के दौरान सूचना देने के तरीके पर सवाल उठाए। हालांकि, एयरलाइन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही विमान बदला गया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई