जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 424/2026
25 जून 2026
उपायुक्त ने गोलमुरी-सह-जुगसलाई एवं पोटका प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
पंजी संधारण, राजस्व एवं विकास कार्यों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश, जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वारा गोलमुरी-सह-जुगसलाई एवं पोटका प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, राजस्व संबंधी मामलों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यालयी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान एवं अपर उपायुक्त श्री अनुराग तिवारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, विभिन्न अभिलेखों एवं संचिकाओं के संधारण की स्थिति की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों से संबंधित मामलों के निष्पादन में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतने पर बल दिया।

अंचल कार्यालयों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राजस्व प्रशासन से जुड़े विभिन्न कार्यों यथा म्यूटेशन, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं अन्य लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सीओ, सीआई एवं अन्य संबंधित को राजस्व तथा भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आमजनों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।
प्रखंड कार्यालयों में उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, आवास योजना सहित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समय पर पहुंचना चाहिए।
पोटका प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसरों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं एवं कार्यालय परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परिसर एवं आवासीय भवनों में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा कार्यालयों में नागरिकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सरकार-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक आवेदन, शिकायत एवं राजस्व मामले का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने विकास योजनाओं एवं राजस्व सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से सुशासन को और मजबूत बनाने पर बल दिया। इस दौरान संबंधित प्रखंड के बीडीओ, सीओ समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
#Team PRD (East Singhbhum)






