दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, परिजनों में मातम

दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, परिजनों में मातम

मनोहरपुर: मनोहरपुर प्रखंड के पात्थरबासा गांव स्थित कोकलोटाला टोला में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दंतैल हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय दिलेश्वर जातराम के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दो बजे दिलेश्वर जातराम अपने घर से बाहर शौच एवं अन्य आवश्यक कार्य के लिए निकले थे। रात में घना अंधेरा होने के कारण उन्हें आसपास की स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका। इसी दौरान उनके घर के समीप एक दंतैल हाथी मौजूद था। हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और सूंड से पकड़कर कई बार पटक दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जाता है कि हाथी के भय के कारण घटना के समय परिजन घर से बाहर नहीं निकल सके। मृतक की पत्नी बाली जातराम जब सुबह करीब तीन बजे घर से बाहर निकलीं, तब उन्होंने देखा कि हाथी उनके पति को मार चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दिलेश्वर जातराम को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर, मनोहरपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया है। पुलिस एवं वन विभाग मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

वनपाल अभय कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार की नई नीति के तहत मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नौ लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उक्त दंतैल हाथी पिछले कई दिनों से पात्थरबासा के जंगलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। भोजन की तलाश में वह रात के समय गांवों और टोलों की ओर पहुंच जाता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात में घर से बाहर निकलते समय टॉर्च या अन्य प्रकाश व्यवस्था का उपयोग करें तथा हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई