जोनल प्रशिक्षण संस्थान सिनी में रेल कर्मियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण

जोनल प्रशिक्षण संस्थान सिनी में रेल कर्मियों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण

सिनी: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने जोनल प्रशिक्षण संस्थान, सिनी में अतिथि व्याख्याता के रूप में उपस्थित होकर बहुविषयक आपदा प्रबंधन विषय पर रेल कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ईस्ट कोस्ट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 490 रेलकर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, उप प्राचार्य, मुख्य अनुदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने किसी भी दुर्घटना या आपदा की स्थिति में गोल्डन आवर के महत्व, एम्बुलेंस सेवा के समुचित उपयोग, ट्रायेज प्रणाली, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), फर्स्ट एडर एवं ड्रेसर के गुण एवं दायित्व, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), सर्पदंश एवं कुत्ते के काटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन (फायर फाइटिंग) संबंधी उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया गया।


प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति के कारण सभागार पूरी तरह भरा रहा, जिसके चलते व्याख्यान का आयोजन दो शिफ्टों में किया गया।
इस कार्यक्रम में भारतीय रेल के तीनों जोनों के रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर, प्रो सहायक लोको पायलट स्पेशल, प्रो पॉइंट्समैन तथा प्रो पैसेंजर ट्रेन मैनेजर सहित विभिन्न श्रेणी के रेलकर्मी शामिल हुए।
प्रशिक्षणार्थी रेलकर्मियों ने संतोष कुमार की रोचक, व्यावहारिक एवं कुशल प्रशिक्षण शैली की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में अत्यंत उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई