धान बीज वितरण अभियान का विधायक संजीव सरदार ने किया शुभारंभ, किसानों को समय पर मिलेगा गुणवत्तापूर्ण बीज

धान बीज वितरण अभियान का विधायक संजीव सरदार ने किया शुभारंभ, किसानों को समय पर मिलेगा गुणवत्तापूर्ण बीज

पोटका प्रखंड के छह लैम्पस के माध्यम से 21 रुपये प्रति किलो की दर पर वितरित होगा धान बीज

पोटका : खरीफ खेती की तैयारी को लेकर पोटका प्रखंड में धान बीज वितरण अभियान की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने आसनबनी लैम्पस, डोरकासाई में आयोजित समारोह में किसानों के बीच धान बीज वितरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, लैम्पस पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।

छह लैम्पस से किसानों को मिलेगा अनुदानित धान बीज

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि पोटका प्रखंड के आसनबनी, कोवाली, टांगराईन, पोटका, हरिणा एवं गंगाडीह लैम्पस के माध्यम से किसानों को धान बीज उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को मात्र 21 रुपये प्रति किलो की दर से धान बीज दिया जाएगा। पहली खेप में पूरे प्रखंड के लिए 100 क्विंटल धान बीज उपलब्ध कराया गया है, ताकि समय पर बुआई कार्य शुरू हो सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों की समृद्धि ही सरकार की प्राथमिकता : संजीव सरदार

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खेती झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की समृद्धि से ही गांवों का विकास संभव है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि उत्पादन बढ़े और किसानों की आय में वृद्धि हो।

खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

विधायक श्री सरदार ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग एवं लैम्पस प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र किसानों तक बीज पारदर्शी तरीके से पहुंचे और किसी भी किसान को वंचित न रहना पड़े।

कार्यक्रम में मुखिया कृष्णा भगत, पंचायत समिति सदस्य सुमिता भगत, बीटीएम कौशल झा, लैम्पस अध्यक्ष भीम सरदार, सचिव मनिंदर नाथ महतो, चक्रधर महतो, भूपति महतो, ग्राम प्रधान भुवन चंद्र महतो, अशोक कुमार महतो, नरेश भगत, गुरुपद दास, हेमंत महाकुड़, हरेंद्र कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं किसान उपस्थित थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई