बोकारोः राज्यसभा का चुनाव समाप्त हो गया बावजूद राजनीतिक बयानबाजी अभी भी नहीं रुक रही है. महागठबंधन में इस बात को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है.
राजनीतिक हलको में हेमंत सोरेन सरकार के महागठबंधन की सरकार पर संशय के बादल मडरा रहे हैं. वहीं डूमरी विधायक जयराम महतो पर भी स्थानीय लोगों ने उंगली उठाते हुए यहां तक कहा रहे हैं कि जो लोग स्थानीयता की बात करते थे आज वही विधायक जाकर परिमल नथवानी के साथ हो गए हैं.
बोकारो सर्किट हाउस पहुंचे जमशेदपुर पश्चिमी जदयू विधायक सरजू राय ने मंगलवार देर शाम पत्रकारों से बातचीत के क्रम में पप्पू यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका बयान पूरी तरह राजनीतिक है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक काल्पनिक उद्देश्य बनाकर माहौल तैयार करने के लिए अच्छी पटकथा रची गई है.
सरजू राय ने कहा कि मैं उन्हें एक आसान तरीका बताता हूं. परिमल नथवानी को जो भी वोट मिला है, चाहे वह पैसे देकर मिला हो या अंतरात्मा की आवाज पर मिला हो, वह महागठबंधन से ही आया है. महागठबंधन के दल कांग्रेस, राजद, माले ये सभी दल आपस में बैठकर बातचीत कर लें कि किसने वोट दिया, किसके इशारे पर दिया और किसके कहने पर दिया.
आगे उन्होंने कहा कि वहीं से पूरे मामले का नतीजा निकल सकता है और राज्यसभा चुनाव होने के कितने दिनों बाद इस प्रकार का बयानबाजी कहीं से भी सही नहीं ठहराया जा सकता. सरयू राय ने कहा पप्पू यादव जी को इतनी मेहनत करने की जरूरत नहीं है.






