रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता, टाटा-कटिहार एक्सप्रेस में ड्यूटी पर तैनात कोच अटेंडेंट 6 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार
जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टाटानगर को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, चक्रधरपुर मंडल के मार्गदर्शन में आरपीएफ टाटा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टाटा-कटिहार एक्सप्रेस से एक कोच अटेंडेंट को शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात 21 जून 2026 को ट्रेन संख्या 28181 टाटा-कटिहार एक्सप्रेस के कोच संख्या एम-1 में आरपीएफ टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कोच में ड्यूटी कर रहे अटेंडेंट के पास से 6 बोतल शराब बरामद की गई।
जांच के दौरान पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजेश कुमार शर्मा (48 वर्ष) के रूप में हुई, जो जमशेदपुर के किताडीह क्षेत्र का निवासी है। राजेश कुमार शर्मा उक्त ट्रेन में कोच अटेंडेंट के पद पर कार्यरत था और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात था।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की, जिसके तहत आरोपी को शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की गई।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, जमशेदपुर के सुपुर्द कर दिया गया है। आबकारी विभाग मामले की जांच कर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई कर रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब की तस्करी एवं रेलवे परिसरों में प्रतिबंधित गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






