झारखंड आंदोलन के पुरोधा बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि
चाईबासा: झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि पर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके संघर्षमय जीवन, जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति योगदान को याद किया गया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि बागुन सुम्बरुई केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि झारखंडी अस्मिता, आदिवासी स्वाभिमान और जनसंघर्ष की मजबूत आवाज थे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुम्बरुई ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि बागुन सुम्बरुई किसानों, मजदूरों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर हमेशा संघर्ष करते रहे। संसद से लेकर सड़क तक उन्होंने झारखंड और विशेषकर कोल्हान क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया। झारखंड आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और आदिवासी समाज को राजनीतिक, सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकार दिलाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
त्रिशानु राय ने कहा कि बागुन सुम्बरुई का सादा जीवन, स्पष्ट विचार और जनता के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मौके पर सोशल मीडिया जिला चेयरमैन रवि कच्छप, विक्रमादित्य सुंडी, अजय कुमार, बिक्रम बिरुली, मो. ईस्लाम, बिजय जारिका, शिव दास, सुरज नायक, सुशील दास सहित अन्य उपस्थित थे।







