जमशेदपुर में चेन छीनतई गिरोह का आतंक जारी, सिदगोड़ा में मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला बनी शिकार
जमशेदपुर : शहर में चेन छीनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगभग हर थाना क्षेत्र में आए दिन इस तरह की वारदात सामने आ रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। हाल ही में पुलिस ने चेन छीनतई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की थी। गिरफ्तारी के बाद चोरी के सामान की बरामदगी के लिए ले जाते समय देर रात एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी थी। घायल आरोपी का इलाज फिलहाल एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
इधर, ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। जानकारी के अनुसार सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक कर रही एक महिला से अज्ञात अपराधियों ने चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

वारदात के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन फुटेज में अपराधियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। हालांकि लगातार हो रही छीनतई की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में सक्रिय छीनतई गिरोह लगातार पुलिस को चुनौती दे रहा है और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
अब देखना यह होगा कि सिदगोड़ा पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक कर पाती है और शहर में सक्रिय छीनतई गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगाने में कितनी सफल होती है।





