कुमडीह में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल: पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ, 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

कुमडीह में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल: पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ, 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार
राजनगर :- ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजनगर प्रखंड के कुमडीह गांव में मंगलवार को पेपर प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ किया गया। यह परियोजना नाबार्ड के लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) के अंतर्गत झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां द्वारा 100 प्रतिशत अनुदान आधारित योजना के रूप में संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान दो अत्याधुनिक पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी के राज्य परियोजना निदेशक (SPD) विजय सिंह बिरूवा, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक (DDM) चंदना मिश्रा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, राजनगर एवं सरायकेला प्रखंड की स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाएं तथा JTDS के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विजय सिंह बिरूवा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार की योजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त होगा।


वहीं नाबार्ड की डीडीएम चंदना मिश्रा ने महिलाओं को उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की सलाह दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह इकाई स्थानीय महिलाओं के लिए आय का स्थायी स्रोत बनेगी।
कार्यक्रम में मौजूद पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्पादों के विपणन एवं बाजार उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि आवासीय प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन हजारों पेपर प्लेट एवं दोने का उत्पादन किया जाएगा, जिससे लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा।
इसके अलावा सभी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी जल्द आयोजित किया जाएगा, जिससे वे उत्पादन, प्रबंधन एवं विपणन के क्षेत्र में दक्ष बन सकें।
ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम भविष्य में राजनगर और सरायकेला प्रखंड को महिला उद्यमिता का मॉडल क्षेत्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह पहल प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में JTDS डीपीएमयू सरायकेला-खरसावां की ओर से डीपीएम नीरज नयन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Comment