उलीडीह के खड़िया बस्ती में गोलीकांड: युवक की मौत, तीन हिरासत में
जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र के खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। गोली उसकी गर्दन में लगी थी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद घायल देवदास को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके साथी देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान तथा आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार पर संदेह जताया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि खड़िया बस्ती में आपसी विवाद के दौरान देवाशीष पोद्दार ने ही देवदास गौड़ पर गोली चलाई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना के समय सभी लोग शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ने पर देवाशीष ने फायरिंग कर दी, जिससे देवदास गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल से पुलिस ने चार ग्लास, खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि घटना से पहले सभी लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। वहीं, आरोपी देवाशीष पोद्दार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को कपाली क्षेत्र से संबंधित कुछ जमीन के दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि जमीन संबंधी किसी विवाद का इस गोलीकांड से कोई संबंध है या नहीं।
उलीडीह थाना प्रभारी मो. शरिक अली ने बताया कि मामले में शामिल लोग लगातार अपने बयान बदल रहे हैं और घटना के समय सभी नशे की हालत में थे। पुलिस को जांच में कई अहम सुराग मिले हैं। फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वास्तविक वजह और संभावित साजिश का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।






