जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 403/2026
15 जून 2026
उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात प्रबंधन संबंधी बैठक, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विस्तृत विश्लेषण कर निरंतर सुधारात्मक कार्रवाई के दिए निर्देश
स्कूली वाहनों के दस्तावेज एक सप्ताह में दुरुस्त करने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा यातायात नियम उल्लंघन पर सख्ती बरतने के निर्देश

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात प्रबंधन संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा उपायों, स्कूली वाहनों की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में मई 2026 के सड़क सुरक्षा आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में मई माह के दौरान 28 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 19 लोगों की मृत्यु तथा 15 लोग घायल हुए। अप्रैल माह की तुलना में दुर्घटनाओं एवं मृत्यु के मामलों में कमी दर्ज होने पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सतत प्रयास जारी रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि विगत छह माह के सड़क दुर्घटना आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण कर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान की जाए तथा उसके आधार पर निरंतर सुधारात्मक एवं निवारक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए डेटा आधारित रणनीति अपनाना आवश्यक है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मई 2026 में ₹23.44 लाख का जुर्माना वसूला गया। उपायुक्त ने नियमित जांच अभियान, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि मई 2026 के दौरान 2,805 लर्नर लाइसेंस एवं 1,704 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने नए वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता को और सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में अब तक 512 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके
हैं।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उपायुक्त ने स्कूल वाहन एसोसिएशन को एक सप्ताह के भीतर सभी स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस, परमिट एवं अन्य औपचारिकताओं को अद्यतन करने का निर्देश दिया। इसके उपरांत जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस विभाग को संयुक्त जांच अभियान चलाकर नियमों के अनुपालन की जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि गालूडीह, फूलपाल एवं घाटशिला क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा अन्य स्थानों पर भी आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर मरम्मत एवं सुधार कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। उपायुक्त ने कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिमना चौक से भिलाई पहाड़ी तक सड़क किनारे हो रही अवैध पार्किंग पर चिंता व्यक्त की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला परिवहन पदाधिकारी,एनएचएआई , जुस्को, परिवहन संघों, स्कूल वाहन संचालकों एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
#Team PRD (East Singhbhum)





