झारखंड में मॉनसून की दस्तक, वज्रपात से 8 लोगों की मौत; कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
रांची : झारखंड में मॉनसून के प्रवेश के साथ ही राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है। हालांकि, सिमडेगा ऐसा जिला रहा जहां अब तक मॉनसून की बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून राज्य के सभी जिलों को कवर कर लेगा।
मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को वज्रपात की घटनाओं में राज्य में आठ लोगों की मौत हो गई।

राज्य में सबसे अधिक 24 मिमी वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले के दरिसाई में दर्ज की गई। राजधानी रांची में दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो बाद में बूंदाबांदी में बदल गई। शाम छह बजे एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हुआ। बादल छाए रहने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
19 जून तक बारिश का पूर्वानुमान
– 14 जून: राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश और वज्रपात की संभावना।
– 15 जून: गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़ अन्य जिलों में हल्की बारिश।
– 16 जून: हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और चतरा को छोड़कर शेष जिलों में अच्छी बारिश की संभावना।
– 17 जून: गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़ अन्य क्षेत्रों में बारिश।
– 18-19 जून: राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार।
वज्रपात से 8 लोगों की मौत
वज्रपात की घटनाओं में रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के काटमकुली गांव निवासी निराशो देवी की मौत हो गई। गढ़वा जिले के मुकुंदपुर गांव में राम अवतार (65) और सुंडी गांव में रीना देवी (30) की जान चली गई। चतरा में गीता देवी, कोडरमा के मरकच्चो में अभिनीत कुमार (10), धनवार के घोसकेडीह में अभिजीत राज (10), जामताड़ा में शोएब अंसारी (10) तथा सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के सांदिरडीह गांव में संजय देवगम की वज्रपात से मौत हो गई।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और खेतों में काम करने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





