आकाशीय बिजली का कहर: खेत में चर रहे 4 बैलों और 2 बकरियों की दर्दनाक मौत, किसान को भारी नुकसान
डुमरिया:- पुर्वी सिहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत कालियाम कोचा गाँव में आकाशीय बिजली (बज्रपात) गिरने से चार बैलों और दो बकरियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से इलाके के किसानों और पशुपालकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पीड़ित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार करीब शाम 4 बजे को इलाके में अचानक तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। किसान सिताराम सोय के 2 बैल, चुड़ी होनहागा के 1 बैल, लोसरो सरदार के 1 बैल और शान्ति होनहागा के 2 बकरिया कालियामकोचा गाँव के खेत में चर रही थीं। इसी दौरान तेज आवाज के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से सभी 4 बैलों और 2 बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी है। ग्रामीणों और पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।






