वज्रपात की चपेट में आने से विवाहिता मुस्कान पान की मौत, हेंसलबील गांव में पसरा मातम
पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के हेंसलबील गांव में गुरुवार दोपहर वज्रपात की घटना में एक शादीशुदा महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मुस्कान पान के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुस्कान किसी जरूरी काम से पड़ोसी के घर गई थी। वहां से वापस अपने घर लौटने के दौरान गांव के मेला मैदान के पास अचानक तेज गर्जना के साथ ठनका गिर गया, जिसकी चपेट में वह आ गई। वज्रपात के कारण मुस्कान मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मुस्कान की शादी गांव के ही संजय हांसदा से हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे हेंसलबील गांव में शोक की लहर है।
मुखिया सावित्री हांसदा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मुस्कान की असामयिक मौत से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।






