प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा नया इतिहास, भाजपा ने प्रेस वार्ता कर गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

जमशेदपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा नया इतिहास, भाजपा ने प्रेस वार्ता कर गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां
जमशेदपुर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का नया इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर भारतीय जनता पार्टी देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रधानमंत्री की उपलब्धियों तथा उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच पहुंचा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने संबोधित किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो , जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले , पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियों और देश को नई दिशा देने वाले कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आदित्य साहू ने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा है। उन्होंने सड़क एवं रेल अवसंरचना के विस्तार, किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली और पेयजल सुविधाओं के विकास, हर घर नल से जल योजना, गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया है। आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे ताकि आम जनता विकास और जनकल्याण की योजनाओं से और अधिक जुड़ सके।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे के विस्तार, आर्थिक सुधारों तथा जनहितकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए केंद्र सरकार को बधाई दी और कहा कि आने वाले वर्षों में भी भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं ने प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया।

Leave a Comment